जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डोडा जिले में हाल ही में हुए आतंकी घटना को लेकर 3 आतंकवादियों के स्केच जारी किए. शोसल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट कर डोडा जिला पुलिस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डोडा में घूम रहे और देसा डोडा के उरार बागी इलाके में हाल ही में हुए आतंकी घटना में शामिल 3 दहशतगर्दों के स्केच जारी किए. पुलिस ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने प्रत्येक आतंकी की सूचना देने वाले को 5 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है.
इस बीच आज पाकिस्तान के 2 से 3 सशस्त्र कर्मियों के एक समूह ने नियंत्रण रेखा (LOC) पार की और जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में खराब मौसम और खराब दृश्यता का लाभ उठाकर एक अग्रिम सैन्य चौकी पर करीब से गोलीबारी की. गोलीबारी में एक घुसपैठिया मारा गया, जबकि मुठभेड़ में घायल हुए भारतीय सेना के एक जवान ने दम तोड़ दिया.
श्रीनगर के रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर खराब मौसम और कम दृश्यता का फायदा उठाते हुए, 2 से 3 सशस्त्र कर्मियों के एक समूह ने नियंत्रण रेखा पार की और एक अग्रिम सैन्य चौकी पर करीब से गोलीबारी की. जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने जोरदार जवाब दिया और गोलीबारी में एक पाकिस्तानी घुसपैठिया मारा गया, साथ ही हथियार, गोला-बारूद और युद्ध जैसे सामान बरामद किए गए.
पीआरओ ने कहा कि इस पाकिस्तानी नागरिक की पहचान और संबद्धता का पता लगाया जा रहा है. पीआरओ ने कहा कि इस भीषण गोलीबारी के दौरान हमारे कुछ बहादुर सैनिक भी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत श्रीनगर के बेस अस्पताल ले जाया गया. दुर्भाग्य से इनमें से एक बहादुर सैनिक शहीद हो गए. वहीं अन्य की हालत स्थिर है. वहीं सुरक्षाबल ने पूरे इलाके सर्च अभियान चला रखा है और आतंकियों को ढूंढा जा रहा है.