प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने कॉलगर्ल के लिए अपने ही बेटे को गोली मार दी. बेटे का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने बाप की काली करतूतों के बारे में अपनी मां को बता दिया.
दरअसल, ये पूरा मामला प्रयागराज के धूमलगंज थान क्षेत्र के कालिंदीपुरम का है जहां मौसम विहार कॉलोनी में एक दवा कारोबारी विवेक दुआ का फ्लैट है. विवेक अपने फ्लैट में था तभी उसका बड़ा बेटा देवांश वहां पहुंच जाता है, वो अपने पिता को एक महिला के साथ देख कर भड़क जाता है, पिता-पुत्र में बहस होती है, तभी देवांश अपनी मां को खबर कर देता है. जिसके बाद विवेक की पत्नी अपने छोटे बेटे और बेटी के साथ फ्लैट पर पहुंच जाती है. दूसरी महिला को देख कर झगड़ा होने लगता है. इसी झगड़े में विवेक और देवांश के बीच हाथापाई भी हो जाती है. इतने में विवेक अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालता है और बेटे देवांश पर गोली चला देता है. ये गोली देवांश के पैर में लगी है. जिसे इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है.
कॉलगर्ल के लिए अपने परिवार को छोड़ दिया- पत्नी
पुलिस की पूछताछ में विवेक की पत्नी ने उसके ऊपर कई आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि विवेक के एक कॉलगर्ल से संबंध हैं. जिसके चलते घर में झगड़ा होता रहता है. पिछले 4 साल से विवेक इस महिला के चक्कर में अपने परिवार को छोड़ कर अलग रह रहा है. वारदात के दिन भी बेटे ने विवेक को उसी महिला के साथ फ्लैट में देखा था जहां हुए झगड़े में विवेक ने गोली चलाई थी.
बच्चों को संभालने का काम करती थी महिला
पत्नी ने धूमलगंज थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर विवेक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही हमले में इस्तमाल किये रिवॉल्वर को भी जब्त कर लिया है. इसके अलावा ये खुलासा भी हुआ है कि जिस महिला की वजह से पूरा विवाद हुआ है पहले वो इसके घर पर ही काम करती थी, वो घर के काम के अलावा बच्चों को भी संभालती थी, इसी दौरान विवेक और महिला के संबंध बन गए थे. जब परिवार ने महिला को छोड़ने की बात की तो विवेक ने परिवार को ही छोड़ दिया था. फिलहाल पुलिस इस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है.