पटना: बिहार के समस्तीपुर में जमुई घटना के बाद एक और गंभीर मामला सामने आया है. कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए छह घंटे के भीतर पॉक्सो एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई. गिरफ्तार आरोपी जगतसिंहपुर गांव के विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव के अवधेश पासवान हैं.
पुलिस पीड़िता की पहचान कर आगे की जांच में जुटी है. समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी ने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि उन्हें देर रात जानकारी मिली और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला.
पुलिस ने अपील की है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले या नुकसान पहुंचाने वाले पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर न करें. इससे पहले जमुई में भी नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया था, जिसमें कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. बिहार में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.