लखनऊ : उत्तर प्रदेश कर बरेली में महिलाओं और युवतियों को सोशल मीडिया के जरिए परेशान करने के आरोप में पुलिस ने एक चीनी मिल अधिकारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान दीपक कौशिक के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंस्ट्राग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं से दोस्ती करता था और खुद को पुलिस अधिकारी के तौर पर पेश करता था.
पुलिस के अनुसार, दीपक कौशिक ने इंस्ट्राग्राम पर एक ऐसी आईडी बनाई थी, जिसमें उसने एक मृतक दरोगा की फोटो लगा रखी थी. इस फोटो के जरिए वह खुद को पुलिस अधिकारी बताता था. आरोप है कि आरोपी सोशल मीडिया पर महिलाओं और लड़कियों से दोस्ती करने के बाद उन्हें परेशान करता था.
बताया जा रहा है कि आरोपी महिलाओं से दोस्ती करने का शौकीन था. उसकी गतिविधियों से परेशान होकर कई महिलाओं और युवतियों ने बरेली पुलिस से शिकायत की थी. शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू की.
साइबर टीम ने इंस्ट्राग्राम अकाउंट और उससे जुड़ी डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल की. सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने कितने लोगों को निशाना बनाया और फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर किन-किन लोगों से संपर्क किया.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दीपक कौशिक बिजनौर जिले के रायपुर देहात थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव का रहने वाला है और एक चीनी मिल में अधिकारी के पद पर कार्यरत बताया जा रहा है.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच के दौरान उसके इंस्टाग्राम अकाउंट, संपर्क में आए लोगों और डिजिटल गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.