मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही एक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि महिला सड़क से अपने घर की तरफ लौट रही थी, तभी पीछे से एक युवक दौड़ता हुआ आया और अचानक उसे अपनी बांहों में जकड़ लिया.
महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी उसे पीछे से भींचकर मौके से फरार हो गया. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में आरोपी को महिला के पीछे आते और अचानक उसे पकड़ते हुए देखा जा सकता है. घटना के बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान भूरा उर्फ कामिल के रूप में की. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
आरोपी को पकड़े जाने के बाद पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, इसमें आरोपी पुलिस के सामने ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.