शमी जहां से चुनाव लड़ेंगे, वहीं से मैदान में उतरूंगी! पत्नी हसीन जहां का बड़ा ऐलान

Amanat Ansari 25 Sep 2026 10:12 PM 1 Mins
शमी जहां से चुनाव लड़ेंगे, वहीं से मैदान में उतरूंगी! पत्नी हसीन जहां का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली: क्रिकेटर मोहम्मद शमी के राजनीति में उतरने की अटकलों के बीच उनकी पत्नी हसीन जहां ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने साफ ऐलान किया कि शमी या उनके बड़े भाई हसीब जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वहीं से वह भी चुनाव मैदान में उतरेंगी. उनका मकसद चुनाव जीतना नहीं, बल्कि शमी और उनके परिवार की दौलत का घमंड तोड़ना है.

हसीन जहां ने शुक्रवार को लाइव हिंदुस्तान से फोन पर बातचीत में कहा कि शमी और उनके परिवार की असलियत अमरोहा की जनता अच्छी तरह जानती है. ऐसे में उन्हें कभी जीत नहीं मिल सकती. उन्होंने दावा किया कि बीते दिनों रेप केस में शमी के दो भाइयों के फंसने के बाद हुई बदनामी से परिवार सहमा हुआ है. इसी मामले से ध्यान हटाने और अपनी छवि सुधारने के लिए राजनीति में उतरने का ड्रामा रचा जा रहा है.

जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद तेज हुई अटकलें

बीते रविवार को मोहम्मद शमी ने दिल्ली में रालोद प्रमुख जयंत चौधरी से मुलाकात की थी. जयंत ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कीं. इसके बाद शमी के रालोद ज्वाइन करने और अमरोहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों पर है. यहां तक कहा जा रहा है कि भाजपा भी गठबंधन में इस सीट को रालोद के लिए छोड़ सकती है. कुछ अटकलें यह भी हैं कि शमी खुद न लड़कर भाई हसीब को मैदान में उतार सकते हैं. हालांकि शमी या परिवार ने अभी तक कोई पुष्टि नहीं की है.

बेटी का खर्च नहीं दिया, दिल्ली में लड़ रही हैं लड़ाई

हसीन जहां ने आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से शमी ने बेटी बेबो का खर्च तक नहीं दिया है. स्कूल, ट्यूशन फीस और अन्य जरूरी खर्च उठाना उनके लिए चुनौती बन गया है. उन्होंने बताया कि हक और इंसाफ की लड़ाई को निर्णायक मोड़ पर पहुंचाने के लिए अब वह कोलकाता छोड़कर दिल्ली में रह रही हैं.

शमी के भाई का बयान

शमी के बड़े भाई हसीब अहमद ने कहा कि परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव लड़ेगा तो पूरे परिवार से चर्चा के बाद ही फैसला लिया जाएगा. फिलहाल शमी या उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है. जयंत चौधरी से मुलाकात पारिवारिक थी, इसका कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं था.
गौरतलब है कि मोहम्मद शमी और हसीन जहां का रिश्ता 2018 से तनावपूर्ण बना हुआ है. इस दौरान हसीन समय-समय पर शमी पर गंभीर आरोप लगाती रही हैं.

Recent News