लखनऊ : वृंदावन में गुरु कृपा कुंज आश्रम में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साधु वेशधारी युवक की चौथी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी 25 वर्षीय दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है. बताया गया है कि युवक आश्रम में रह रहा था और अचानक चौथी मंजिल से नीचे आ गिरा.
घटना के बाद युवक को गंभीर हालत में तत्काल सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल से सूचना मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह थाना वृंदावन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी.
घटना की परिस्थितियों को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने आश्रम के कमरे की भी जांच की। जांच के दौरान कमरे से एक ग्राइंडर मिलने की बात सामने आई है.
वहीं, मृतक के प्राइवेट पार्ट पर खून के निशान मिलने की जानकारी ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है. हालांकि, इन निशानों की वजह क्या है और इसका युवक की मौत से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक चौथी मंजिल से किन परिस्थितियों में गिरा. पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.