AI से मॉर्फ की तस्वीर लगाई, पीएम मोदी वाले पोस्टर पर इस्तेमाल; कॉकरोच जनता पार्टी पर FIR दर्ज

Amanat Ansari 25 Sep 2026 01:54 PM 1 Mins
AI से मॉर्फ की तस्वीर लगाई, पीएम मोदी वाले पोस्टर पर इस्तेमाल; कॉकरोच जनता पार्टी पर FIR दर्ज

CJP FIR: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के खिलाफ साइबर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज हो गई है. आरोप है कि पार्टी के आयोजकों ने एक 25 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर की निजी तस्वीर को AI टूल्स से मॉर्फ कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर के साथ आपत्तिजनक तरीके से इस्तेमाल किया. बुध विहार फेज-2 की रहने वाली पीड़िता ने शिकायत में कहा कि उसकी अनुमति के बिना उसकी फोटो को डिजिटल मैनिपुलेशन और फेस-स्वैपिंग तकनीक से बदला गया.

प्रदर्शन के दौरान इन मॉर्फ्ड पोस्टरों को भीड़ के सामने लहराया गया, भद्दे और अपमानजनक नारे लगाए गए तथा वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. महिला ने बताया कि इस घटना के बाद वह तनाव, डर और मानसिक आघात से गुजर रही है. शिकायत में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, रत्ना सिंह, सौरव दास समेत कुछ अन्य आयोजकों के नाम शामिल हैं.

नई दिल्ली जिले के साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने कहा कि पीड़िता ने साक्ष्य के रूप में तस्वीरें और वीडियो सौंपे हैं, जिनमें बैनर पर उसका चेहरा सुपरइम्पोज दिख रहा है.

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. यह FIR ऐसे समय पर दर्ज हुई है जब अभिजीत दीपके ने ऐलान किया है कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते तो 2 अक्टूबर को मुंबई से राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा. फिलहाल कॉकरोच जनता पार्टी की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

CJP CJP news cockroach janta party jantar mantar Delhi news narendra modi

Recent News