बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन के लिए साल 2024 खास नहीं रहा. पहले उन्हें अपने देश में कानूनी विवादों का सामना करना पड़ा और फिर आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में किसी भी टीम ने उन्हें नहीं खरीदा. अब इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने उनकी गेंदबाजी को अवैध करार देते हुए अपने सभी टूर्नामेंट्स में गेंदबाजी करने पर रोक लगा दी है.
शाकिब अल हसन के गेंदबाजी एक्शन को लेकर पहली बार सवाल सितंबर 2024 में सरे और समरसेट के बीच खेले गए काउंटी मैच के दौरान उठे. इस मैच में शाकिब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट चटकाए थे. हालांकि, ऑन-फील्ड अंपायर डेविड मिलन्स और स्टीव ओ'शॉघनेस्सी ने उनके गेंदबाजी एक्शन पर शक जताते हुए इसकी शिकायत दर्ज करवाई.
इस शिकायत के बाद शाकिब के गेंदबाजी एक्शन की जांच लफबरो यूनिवर्सिटी में की गई. जांच में पाया गया कि उनकी कोहनी का झुकाव 15 डिग्री की निर्धारित सीमा से अधिक है. इसके चलते ECB ने 10 दिसंबर 2024 से उनकी गेंदबाजी पर प्रतिबंध लगा दिया.
ECB का यह प्रतिबंध केवल इंग्लैंड के टूर्नामेंट्स तक सीमित नहीं है. ICC के नियमों के अनुसार, अगर किसी खिलाड़ी के गेंदबाजी एक्शन को उसकी घरेलू क्रिकेट बोर्ड द्वारा अवैध घोषित किया जाता है, तो यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और अन्य बोर्ड द्वारा आयोजित टूर्नामेंट्स पर भी लागू हो सकता है.
यह गौर करने वाली बात है कि शाकिब अल हसन के 17 साल लंबे करियर में उनके गेंदबाजी एक्शन पर पहली बार सवाल उठे हैं. अब तक शाकिब ने 447 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 712 विकेट चटकाए हैं. हालांकि, हाल के दिनों में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है.
शाकिब ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हिस्सा लिया था, लेकिन उसके बाद उन्हें वेस्ट इंडीज और अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से बाहर कर दिया गया था.
शाकिब के लिए यह प्रतिबंध एक बड़ा झटका है. उन्हें अपने गेंदबाजी एक्शन में सुधार करके इसे फिर से वैध कराना होगा. यह देखना दिलचस्प होगा कि शाकिब अपने करियर को कैसे संभालते हैं. उनके प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द ही इस चुनौती से उबरकर मैदान पर वापसी करेंगे.