नई दिल्ली: गुरुवार सुबह दिल्ली और पूरे एनसीआर में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. रातभर और सुबह हुई तेज बारिश से कई इलाकों की सड़कें नदियों में बदल गईं. जलभराव, लंबे ट्रैफिक जाम और पानी में फंसी गाड़ियों ने लोगों की सुबह मुश्किल बना दी.
सदार बाजार, बुराड़ी, संगम विहार, मेहरौली-बदरपुर रोड, अक्षरधाम के पास NH-24, नोएडा सेक्टर-75, गाजियाबाद के इंदिरापुरम-अभय खंड, शास्त्रीनगर और बुलंदशहर समेत कई इलाकों में भारी जलभराव देखा गया. वीडियो में गाड़ियां धीरे-धीरे पानी चीरती हुई आगे बढ़ती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर पानी घरों और दुकानों में भी घुस गया.
मौसम विभाग का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक भारी बारिश जारी रह सकती है. कई जगहों पर 40-60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बारिश से गर्मी और उमस से तो राहत मिली, लेकिन ऑफिस जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भी ट्रैफिक पूरी तरह थम गया. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति का जायजा लिया और PWD, दिल्ली जल बोर्ड तथा MCD की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा है. जलभराव वाले इलाकों में पंपिंग सिस्टम लगाकर पानी निकालने का काम तेजी से चल रहा है. IMD ने लोगों से अनावश्यक बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है. दिल्ली-एनसीआर के लोग इस मानसून में फिर से जलभराव और ट्रैफिक की पुरानी समस्या से जूझ रहे हैं.