बरेली/देहरादून: उत्तर प्रदेश के बरेली दंगों में वांछित पूर्व भाजपा नेता गफ्फार खान को यूपी पुलिस ने उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया. घटना बुधवार दोपहर की है, जब यूपी पुलिस के 5-6 जवान सादे कपड़ों में स्कॉर्पियो वाहनों से किच्छा के प्रधान मार्केट पहुंचे.
किच्छा के भाजपा पूर्व अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष गफ्फार खान को बहेड़ी (यूपी) पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गफ्फार खान पर 19 फरवरी को पकड़े गए असलहा तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर बरेली दंगों में हथियार सप्लाई करने का आरोप है। pic.twitter.com/R3RS15JVny
— bhUpi Panwar (@askbhupi) May 21, 2026
गफ्फार अपने साथियों के साथ बाजार में बैठा था. पुलिस ने अचानक उसे पकड़कर वाहन में ठूंस लिया और तेजी से मौके से फरार हो गई. इस पूरे एक्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
क्या है पूरा मामला?
फरवरी 2026 में बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में अवैध हथियारों की खेप पकड़े जाने पर पूछताछ में गफ्फार और उसके साथी शमी का नाम सामने आया था. आरोपियों ने बताया कि वे गफ्फार को पिस्टल और कारतूस सप्लाई करने जा रहे थे. इसके अलावा सितंबर 2025 के बरेली दंगों में भी अवैध हथियार सप्लाई करने का आरोप गफ्फार पर है.
गफ्फार कौन है?
गफ्फार खान, किच्छा के ग्राम दरऊ के रहने वाले हैं, जो ग्राम प्रधान नाजिया का पति है. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं. उनके खिलाफ यूपी और उत्तराखंड में मारपीट, गुंडागर्दी, अवैध खनन और आर्म्स एक्ट सहित कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं.
भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि गफ्फार वर्तमान में पार्टी से जुड़े नहीं हैं. पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें पुलिस की अचानक कार्रवाई और बाजार में हड़कंप साफ दिख रहा है. पुलिस ने गफ्फार को बरेली ले जाकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है.