‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एक्स अकाउंट बैन! CJI सूर्यकांत के बयान पर बनी पार्टी का सोशल मीडिया पर तहस-नहस

Amanat Ansari 21 May 2026 07:53: PM 1 Mins
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एक्स अकाउंट बैन! CJI सूर्यकांत के बयान पर बनी पार्टी का सोशल मीडिया पर तहस-नहस

नई दिल्ली: मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के विवादित बयान के बाद मजाक-मजाक में बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एक्स अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है. CJI सूर्यकांत ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से कर दी थी. उनके इस बयान से देशभर में भारी आक्रोश फैला था. युवाओं के विरोध के बाद अभिजीत दिपके ने इसी नाम से एक पार्टी बना दी, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई.

पार्टी का सफर और बैन

कुछ दिनों पहले ही इस पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट फॉलोअर्स के मामले में भाजपा को पीछे छोड़ चुका था (1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स). लेकिन गुरुवार को एक्स पर इसका आधिकारिक अकाउंट अचानक भारत में बैन हो गया. पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा, ''जिसका डर था, वही हुआ. पहले अकाउंट हैक करने की कोशिश की, फिर बैन कर दिया. हम सिर्फ सरकार से जवाबदेही मांग रहे थे. यह कहां की लोकतंत्र है?'' उन्होंने युवाओं से इस मुद्दे पर आवाज उठाने की अपील की है.

CJI का बयान क्या था?

CJI सूर्यकांत ने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा ''कॉकरोच की तरह'' होते हैं, जो न तो नौकरी करते हैं और न ही कोई काम. वे मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं. बाद में CJI ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा सभी युवाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, बल्कि यह टिप्पणी केवल फर्जी डिग्री वाले लोगों के लिए थी. अभी पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट सक्रिय है, जबकि एक्स अकाउंट भारत में नहीं दिख रहा है. यह घटना सोशल मीडिया पर स्वतंत्र आवाज और सरकारी नियंत्रण को लेकर नई बहस छेड़ रही है.

CJP X Banned CJP Twitter Banned Cockroach Janata Party CJP

Recent News