शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के चौपाल इलाके में एक स्कूली छात्रा ने दिनदहाड़े छेड़छाड़ करने वाले मनचले युवक को बीच सड़क सबक सिखा दिया. युवती की हिम्मत और सूझबूझ भरी इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग उसकी बहादुरी की खूब तारीफ कर रहे हैं.
हिमाचल के शिमला में घर जा रही छात्रा को मनचले ने सड़क पर रोककर छेड़छाड़ की। परेशान छात्रा ने मोबाइल कैमरा ऑन कर मनचले को सबक सिखाया और वीडियो वायरल कर दी। मुकदमा दर्ज हो चुका है। pic.twitter.com/twXMjvD4Nh
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) May 20, 2026
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवती पैदल अपने घर जा रही थी. तभी एक युवक बाइक पर सवार होकर उसके पीछे लग गया. वह बार-बार बाइक घुमाकर उसके पास आ रहा था और उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश कर रहा था. युवती घबरा गई, लेकिन हिम्मत नहीं हारी. उसने तुरंत मोबाइल निकाला और युवक की वीडियो रिकॉर्ड कर ली.
वीडियो बनते ही आरोपी के हाव-भाव बदल गए. वह दीदी कहकर भागने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान युवती ने उसे थप्पड़ मारकर पिटाई भी कर दी. आस-पास से गुजर रहे लोगों ने भी इस घटना को देखा. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद शिमला पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया. चौपाल थाने में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है.
पुलिस के अनुसार आरोपी एक प्रवासी युवक है और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. शिमला के SSP गौरव सिंह ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है. दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
यह घटना उन दिनों में सामने आई है जब हिमाचल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पहले भी कई सवाल उठ चुके हैं. लोगों का कहना है कि अगर हर लड़की इतनी साहसी और समझदार हो तो ऐसे मनचले खुद-ब-खुद भागने लगेंगे. वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रहा है और युवती को “रियल हीरो” और “बहादुर बेटी” कहकर सराहा जा रहा है.