दिल्ली: दिल्ली मेट्रो के अंदर एक सनसनीखेज और खौफनाक घटना सामने आई है. सीनियर सिटीजन सीट को लेकर हुए विवाद में पूर्व IAS अधिकारी संजय प्रताप सिंह और उनके बेटे सिद्धार्थ ने मिलकर एक यात्री को बेरहमी से पीटा, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. दिल्ली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
रविवार शाम करीब 6 बजे सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक व्यक्ति बेहोश पाया गया. उसे तुरंत LNJP अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक पवन शर्मा अपनी मां दुर्गा देवी (करीब 65 साल) के साथ यमुना विहार की ओर जा रहे थे.
मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर संजय प्रताप सिंह (नोएडा निवासी) और उनका बेटा सिद्धार्थ ट्रेन में सवार हुए. उस समय पवन और उनकी मां सीनियर सिटीजन के लिए आरक्षित सीटों पर बैठे थे. सीट को लेकर बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. पूर्व IAS अधिकारी और उनके बेटे ने पवन पर थप्पड़ मारे और बेरहमी से पिटाई की. दोनों ने मिलकर उसे धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही जांच शुरू की और पूर्व IAS संजय प्रताप सिंह तथा उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया. मामला सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन का है. पुलिस आगे की जांच कर रही है. यह घटना दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा और यात्रियों के बीच बढ़ते विवादों को लेकर सवाल खड़े कर रही है.