लखनऊ: राजधानी लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में चिकन कारोबारी और कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में उनकी लिव-इन पार्टनर मॉडल श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि के साथ नेपाल भाग गई है. पुलिस के अनुसार, अपार्टमेंट के चौथे तल से फेंके जाने के बाद शिवा का शव केवल अंडरवियर में नीचे गिरा मिला था.
पुलिस ने श्रद्धा के फ्लैट की जांच में सेक्स टॉयज, शक्तिवर्धक दवाएं, नशीली वस्तुएं और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है. इन सबको फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. कॉल डिटेल से कई नामचीन लोगों और बिल्डरों से संपर्क का पता चला है, जो अब पुलिस की रडार पर हैं. आशंका है कि इनमें से कुछ ने श्रद्धा की मदद की हो सकती है.
कैसे भागीं नेपाल?
वारदात के बाद श्रद्धा अपने पूर्व परिचित और एक ड्राइवर समेत कुछ लोगों से चौक इलाके में मिलीं. इसके बाद सीतापुर-बहराइच मार्ग से नेपाल निकल गईं. उन्हें पहुंचाने में ड्राइवर आमिर (दुबग्गा निवासी) और दानिश (आलमबाग गढ़ी कनौरा) की भूमिका बताई जा रही है. हजरतगंज पुलिस टीम ने दोनों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे नहीं मिले. परिवार से पूछताछ कर अहम जानकारी जुटाई गई है.
मां के आरोप और FIR
शिवा की मां रंजना ने आरोप लगाया है कि श्रद्धा ने उनके बेटे को झूठे मुकदमों में फंसाया, नशे की आदत डाली और माफिया व नामचीन लोगों से धमकी दिलवाई. दोनों करीब एक साल से लिव-इन में रह रहे थे. मां ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. सभी आरोपी फरार हैं.
पुराना विवाद भी जांच में
कुछ महीने पहले श्रद्धा ने व्यवसायी रिजवान के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है. इस मामले में श्रद्धा पर वसूली के आरोप लगे थे. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. नेपाल श्रद्धा का जाना-माना ठिकाना बताया जा रहा है, जहां उनका अक्सर आना-जाना रहता था. इवेंट कंपनियों और फैशन शो से जुड़े नामचीन लोग भी पुलिस की निगरानी में हैं.