जंतर-मंतर पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार? CRPF अधिकारी ने ही कर दी दिल्ली पुलिस की शिकायत!

Amanat Ansari 13 Oct 2026 12:07 PM 1 Mins
जंतर-मंतर पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार? CRPF अधिकारी ने ही कर दी दिल्ली पुलिस की शिकायत!

नई दिल्ली: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में CRPF के एक अधिकारी ने खुद शिकायत दर्ज कराई है. मणिपुर में तैनात CRPF असिस्टेंट कमांडेंट राहुल सोलंकी ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW), राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) और दिल्ली पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच की मांग की है.

राहुल सोलंकी ने शिकायत में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे तीन वीडियो के लिंक भी अटैच किए हैं. उनके मुताबिक, इन वीडियो में पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान महिला प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार करते दिख रहे हैं. उन्होंने साफ किया कि यह शिकायत उन्होंने भारत के एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में व्यक्तिगत स्तर पर की है. सोलंकी ने वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है.

उन्होंने कहा कि अगर आरोप सही साबित होते हैं तो जिम्मेदार पुलिसकर्मियों, सुरक्षा जवानों और पर्यवेक्षी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी व विभागीय कार्रवाई हो. अगर वीडियो फर्जी या छेड़छाड़ वाले पाए जाते हैं तो भ्रामक सामग्री फैलाने वालों पर कार्रवाई हो. CRPF अधिकारी ने महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग और दिल्ली पुलिस आयुक्त से अनुरोध किया है कि मैदान में तैनात पुलिसकर्मियों को लैंगिक संवेदनशीलता का प्रशिक्षण दिया जाए.

खासकर महिला प्रदर्शनकारियों से निपटने वाले कर्मियों को महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया जाए. सोलंकी ने पुलिस और वर्दीधारी बलों की सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में भूमिका को भी सराहा.

उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत का मकसद बलों की सेवा को कमजोर करना नहीं, बल्कि किसी भी वास्तविक दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना और बलों की प्रतिष्ठा की रक्षा करना है. यह शिकायत CJP के “वोट चोरी” के खिलाफ दिल्ली प्रदर्शन के दौरान सामने आई है, जिसमें महिलाओं से कथित दुर्व्यवहार के कई आरोप सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं.

Delhi Women Protesters CRPF Officer Rahul Solanki Delhi Police Misconduct

Recent News