बेलगावी: कर्नाटक के बेलगावी जिले में एक मामूली-सी बात पर दोस्त ने दोस्त की हत्या कर दी. रविवार को मजदूरों के एक समूह ने छुट्टी के दिन शराब पीकर चिकन पार्टी का आयोजन किया. इसी दौरान चिकन के पीस को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने दूसरे को सीने में चाकू घोंप दिया.
पुलिस के अनुसार, सीताराम और अरुण दोनों उत्तर प्रदेश के फिलिभीत जिले के रहने वाले थे. वे बेलगावी की एक स्टील कंपनी में काम करते थे और तीन-चार अन्य मजदूरों के साथ एक शेड में रहते थे.
रविवार की छुट्टी पर समूह ने शराब पी और चिकन पकाया. खाने के दौरान सीताराम ने अरुण से पूछा कि वह ज्यादा चिकन पीस क्यों खा रहा है. यह छोटी-सी बात झगड़े में बदल गई. नशे की हालत में अरुण ने चाकू उठाया और सीताराम के सीने में छुरा घोंप दिया.
अस्पताल में झूठा बयान
अरुण घायल सीताराम को अस्पताल ले गया और पुलिस-डॉक्टरों को बताया कि वह इमारत से गिर गया है. लेकिन पुलिस को शक हुआ. जांच के दौरान सच्चाई सामने आई. सीताराम की चोटों से मौत हो गई. इसके बाद अरुण को गिरफ्तार कर लिया गया. बेलगावी के एसपी के. रामराजन ने कहा, ''शुरुआत में इस घटना को छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन उचित जांच के बाद पुलिस ने पाया कि यह हत्या का मामला है.''