शर्मसार हुआ तमिलनाडु! सरकारी कॉलेज में युवती के साथ गैंगरेप

Amanat Ansari 29 Jan 2026 09:39: PM 1 Mins
शर्मसार हुआ तमिलनाडु! सरकारी कॉलेज में युवती के साथ गैंगरेप

नई दिल्ली: चेन्नई के नंदनम गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज के कैंटीन में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवती के साथ सामूहिक यौन उत्पीड़न हुआ. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है. पीड़िता अरियालुर जिले की रहने वाली है. वह नौकरी की तलाश में चेन्नई पहुंची थी और लगभग तीन हफ्ते पहले किसी परिचित की सहायता से इसी कॉलेज की कैंटीन में सहायक के रूप में काम शुरू किया.

कैंटीन संचालक मुथुसेल्वम, रसोइया गुणसेकरन (56 वर्ष) और एक कर्मचारी कार्तिकेयन ने कथित तौर पर उसका यौन शोषण किया. युवती ने रोते हुए कॉलेज के एक चौकीदार को पूरी बात बताई. चौकीदार ने उसे सामाजिक कल्याण विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाया, जिन्होंने सैदापेट की ऑल विमेन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया.

जांच के दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई कि पीड़िता मानसिक रूप से कुछ कमजोर है. आरोपियों ने इसी स्थिति का दुरुपयोग करते हुए अपराध किया. फिलहाल पीड़िता का इलाज अस्पताल में चल रहा है और पुलिस उससे आगे की जानकारी जुटा रही है.

मुथुसेल्वम पिछले करीब 12 वर्षों से अनुबंध पर इसी कॉलेज की कैंटीन संभाल रहा था. उसके खिलाफ POCSO एक्ट के अलावा महिला उत्पीड़न से संबंधित अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है. तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में काफी आक्रोश फैला. स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के 50 से अधिक सदस्यों ने कैंपस में जुटकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने सरकार से कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की.

Chennai Nandanam Government Arts College gang rape Tamil Nadu crime news

Recent News