बॉम्बे हाईकोर्ट (Bombay High Court) से गैंगस्टर छोटा राजन को बड़ी राहत मिल गई है. दरअसल, हाईकोर्ट ने बुधवार को 2001 में मुंबई में होटल व्यवसायी जया शेट्टी (Jaya Shetty murder case) की हत्या के मामले में गैंगस्टर छोटा राजन (Chota Rajan) की आजीवन कारावास की सजा को निलंबित कर दिया और उसे मामले में जमानत दे दी है. जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और पृथ्वीराज चव्हाण की खंडपीठ ने छोटा राजन को जमानत के लिए ₹1 लाख का बॉन्ड भरने का निर्देश दिया.
हालांकि, छोटा राजन अन्य आपराधिक मामलों के सिलसिले में जेल में ही रहेगा. मई में एक विशेष अदालत ने होटल व्यवसायी की हत्या के मामले में छोटा राजन को दोषी ठहराया और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई. राजन ने सजा के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील दायर की थी. गैंगस्टर ने मांग की थी कि सजा को निलंबित किया जाए और उसे अंतरिम जमानत दी जाए.
जया शेट्टी कौन थी?
मध्य मुंबई के गामदेवी में गोल्डन क्राउन होटल (Golden Crown Hotel) की मालकिन जया शेट्टी की 4 मई, 2001 को होटल की पहली मंजिल पर छोटा राजन गिरोह के दो कथित सदस्यों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. जांच से पता चला है कि जया शेट्टी को छोटा राजन गिरोह के सदस्य हेमंत पुजारी से जबरन वसूली के लिए कॉल आए थे और पैसे न चुका पाने के कारण उनकी हत्या कर दी गई. वरिष्ठ क्राइम रिपोर्टर जे डे की हत्या के लिए आजीवन कारावास की सजा काट रहा राजन फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है.
कौन है छोटा राजन?
छोटा राजन, जिसका असली नाम राजेंद्र सदाशिव निखलजे है, एक कुख्यात भारतीय गैंगस्टर है. उसका जन्म 5 दिसंबर 1959 को मुंबई, महाराष्ट्र में हुआ था. 1980 और 1990 के दशकों में वह भारतीय अंडरवर्ल्ड के बड़े गैंगस्टर्स में से एक बन गया. वह मुंबई के अंडरवर्ल्ड के सबसे प्रमुख नामों में गिना जाता है और पहले वह दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगियों में से एक था. बाद में वह दाऊद से अलग हो गया और दोनों के बीच दुश्मनी हो गई.
दाऊद से था संबंध
बता दें कि 1980 के दशक में छोटा राजन ने दाऊद इब्राहिम के अंडरवर्ल्ड गैंग से हाथ मिलाया था. उस समय दाऊद मुंबई के अंडरवर्ल्ड का प्रमुख सरगना बन चुका था और छोटा राजन उसके लिए काम करने लगा. इस दौरान उसने कई संगठित अपराध किए जैसे कि फिरौती, हत्या और अन्य अवैध धंधे. 1993 में हुए मुंबई धमाकों के बाद, छोटा राजन और दाऊद इब्राहिम के बीच संबंध खराब हो गए और दोनों के राह अलग-अलग हो गए.