27 जुलाई 2024 से टीम इंडिया श्रीलंका के दौरे पर है, जहां भारतीय टीम 3 मैचों की टी20 और 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी. इस सीरीज से टीम इंडिया में गौतम गंभीर युग की शुरुआत होने जा रही है. बतौर हेड कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने गौतम गंभीर को टीम इंडिया का हेड कोच बनाया है. श्रीलंका दौरे से गंभीर अपने कोचिंग करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं लेकिन अपने पहले असाइनमेंट से पहले गंभीर ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर के साथ टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता अजित आगरकर भी मौजूद रहे. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का हर किसी को बेसब्री से इंतजार था. लोगों के मन में बहुत सारे सवाल थे जिसका जवाब हर कोई जानना चाहता था और इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर और अगरकर ने सभी सवालों के जवाब दिए. इस दौरान पूर्व कप्तान विराट कोहली और मौजूदा कप्तान रोहित शर्मा के वनडे विश्व कप 2027 खेलने को लेकर सवाल किया गया. इस पर गौतम गंभीर ने बड़े ही रोचक अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने सिर्फ दो लाइन का जवाब देकर हर किसी को खुश कर दिया. साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के फिटनेस के लिए मैसेज भी दे दिया. इस आर्टिकल में हम आपको गौतम गंभीर और अजित आगरकर के प्रेस कॉन्फ्रेंस की सारी बड़ी बातें बताने जा रहे हैं.

पहला सवाल - हार्दिक पांड्या अचानक कप्तानी के रेस से क्यों हुए बाहर ?
चीफ सेलेक्टर अजित आगरकर ने बताया कि, हार्दिक को फिटनेस संबंधी समस्याएं हैं और वे ऐसा कप्तान चाहते थे, जो सभी मैच खेल सके. आगरकर ने कहा, "इस तरह हार्दिक पंड्या अपनी फिटनेस पर बेहतर तरीके से ध्यान दे सकते हैं."

दूसरा सवाल - वनडे टीम से जडेजा क्यों हुए बाहर ?
अजित अगरकर ने कहा, "अक्षर और जड्डू दोनों को 3 मैचों की सीरीज के लिए लेना वाकई बेकार होता. उन्होंने (जडेजा) विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्हें बिल्कुल भी नहीं हटाया गया. अगर हम उन्हें लेते तो उनमें से कोई भी सभी मैच नहीं खेल पाता. एक बड़ा टेस्ट सीजन आने वाला है. मुझे लगता है कि शायद हमें टीम की घोषणा करते समय ही यह स्पष्ट कर देना चाहिए था. वह अभी भी फॉर्मेट का हिस्सा हैं. वह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं."

तीसरा सवाल - क्या 2027 का वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित और विराट ?
गौतम गंभीर ने कहा, "मुझे लगता है कि उन्होंने दिखा दिया है कि वे बड़े मंच पर क्या कर सकते हैं, चाहे वह टी20 विश्व कप हो या 50 ओवर का विश्व कप. उन दोनों खिलाड़ियों में अभी बहुत क्रिकेट बाकी है. चैंपियंस ट्रॉफी आने वाली है, ऑस्ट्रेलिया में एक बड़ी टेस्ट सीरीज आने वाली है. वे चैंपियंस ट्रॉफी के लिए प्रेरित होंगे और अगर वे अपनी फिटनेस बनाए रखते हैं, तो वे 2027 विश्व कप खेल सकते हैं. यह एक बहुत ही व्यक्तिगत निर्णय है. मैं यह नहीं कह सकता कि उनमें कितना क्रिकेट बचा है. विराट और रोहित ने जो किया है, उसे देखते हुए, वे अभी भी विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं. उनमें अभी भी बहुत क्रिकेट बचा है.
चौथा सवाल - टीम इंडिया की कोचिंग स्टाफ में कौन - कौन ?
गौतम गंभीर ने अभिषेक नायर और रयान टेन डोएशेट की कोचिंग स्टाफ में नियुक्तियों की पुष्टि करते हुए कहा, "कोचिंग स्टाफ का सार यही है. लेकिन हमारे पास बहुत समय है. श्रीलंका सीरीज के बाद हमारे पास समय होगा. मुझे खिलाड़ियों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है. मुझे उम्मीद है कि अभिषेक और रयान कोच के रूप में सफल रहेंगे."
पांचवां सवाल - क्या 3 फॉर्मेट में 3 अलग-अलग टीमें होंगी?
इसे लेकर गंभीर ने कहा, "आगे चलकर ये चीजें होती रहेंगी. विराट, रोहित और रविंद्र नहीं हैं. अभी, आप कह सकते हैं कि तीन अलग-अलग टीमें होंगी. टी20 क्रिकेट बदलाव के दौर से गुजर रहा है. लेकिन, 50 ओवर और टेस्ट क्रिकेट में निरंतरता ही अहम है. अगर हमें ऐसे खिलाड़ी मिल जाएं जो लगातार उन दो प्रारूपों में खेल सकें, तो आप उन्हें खिला सकते हैं. इसके लिए निरंतरता अहम है. यह मेरी राय है, चेयरमैन इस बारे में और बात कर सकते हैं."

छठा सवाल - क्या सूर्यकुमार यादव तीनों फॉर्मेट में कप्तान होंगे?
श्रीलंका दौरे पर टी20 टीम की कप्तानी करने वाले सूर्यकुमार यादव फिलहाल टी20 इंटरनेशनल टीम की कप्तानी करेंगे, प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर ने इस बात को साफ कर दिया है.

सातवा सवाल - शुभमन गिल का भविष्य क्या होगा?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने ये साफ कर दिया कि टीम इंडिया के वनडे और टी20 उपकप्तान शुभमन गिल आने वाले वक्त में टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट का हिस्सा होंगे.

आठवां सवाल - विराट कोहली से गंभीर के कैसे रिश्ते ?
विराट कोहली से गंभीर के रिश्ते कैसे हैं इस सवाल का जवाब देते हुए गंभीर ने कहा, ''टीआरपी के लिए ये अच्छा है. मेरा रिश्ता पब्लिक नहीं है. यह दो परिपक्व व्यक्तियों के बीच की बात है. मैदान पर, मुझे यकीन है कि हम एक पेज पर होंगे. मेरे उनके साथ बहुत अच्छे संबंध हैं. मैंने उनसे बहुत सारी बातचीत की है. वह एक प्रोफेशनल हैं. वह एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं. उम्मीद है कि हम साथ मिलकर बहुत अच्छा काम कर सकते हैं."
नौंवां सवाल - मोहम्मद शमी वापसी कब करेंगे?
भारतीय फैंस तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी का बेसब्री से इंतजार है. बहरहाल, भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर है. दरअसल, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने साफ किया कि मोहम्मद शमी बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज से वापसी करेंगे.