बंगलुरु: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेंगलुरु कार्यक्रम स्थल के निकट जिलेटिन स्टिक्स बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. मुख्य कार्यक्रम स्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर कगालिपुरा इलाके में एक आश्रम के पास फुटपाथ किनारे दो जिलेटिन छड़ें मिलीं.
ये छड़ें विस्फोटक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होती हैं. पुलिस के मुताबिक, प्रधानमंत्री के आगमन से पहले नियमित सुरक्षा सर्चिंग के दौरान यह सामग्री संदिग्ध रूप से पाई गई. तुरंत पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया और बम निरोधक दस्ते तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया.
अभी तक एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ चल रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ये जिलेटिन स्टिक्स वहां कैसे पहुंचीं और क्या इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है. सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है तथा पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी है.