अमीर बनने के लिए तीन दोस्तों ने अपने चौथे साथी की दे दी बली, ऐसे हुआ खुलासा...

Amanat Ansari 17 Jan 2026 07:17: PM 1 Mins
अमीर बनने के लिए तीन दोस्तों ने अपने चौथे साथी की दे दी बली, ऐसे हुआ खुलासा...

नई दिल्ली: गाजियाबाद के लोनी इलाके में अंधविश्वास और लालच ने एक दर्दनाक हत्याकांड को जन्म दिया. तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी को मौत के घाट उतार दिया, सिर्फ इसलिए कि उन्हें डर था कि वह खुद उन्हें नरबलि के रूप में इस्तेमाल कर अमीर बनने का तांत्रिक मंत्र पूरा कर सकता है. घटना के खुलास के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गई है.

क्या है पूरा मामला?

14 जनवरी की सुबह ट्रॉनिका सिटी इलाके में पुलिस को एक जला हुआ बैटरी ऑटो मिला, जिसमें एक पूरी तरह झुलसा हुआ शव था. शव इतना क्षतिग्रस्त था कि लिंग की पहचान तक मुश्किल हो गई. यह एक 'ब्लाइंड मर्डर' केस लग रहा था. पुलिस की जांच में शव की पहचान मिल्क विकास नगर निवासी 35 वर्षीय नवीन कुमार के रूप में हुई, जिसकी शिनाख्त उसके छोटे भाई नितिन ने की. नवीन एक ऑटो चालक था. तीन टीमों ने केस सुलझाने के लिए काम किया. शनिवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने पंचलोक गेट के पास दो आरोपियों को पकड़ा - पवन और सागर उर्फ पंडित. इनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया बैटरी ऑटो और गैस सिलेंडर बरामद हुआ. तीसरा आरोपी नसीम अभी फरार है.

चौंकाने वाला खुलासा

  • नवीन एक तांत्रिक के संपर्क में था, जो उसे रातों-रात मालामाल बनने और ईश्वर के साक्षात्कार का झांसा देता था.
  • तांत्रिक ने कहा था कि इसके लिए नरबलि जरूरी है.
  • नवीन ने दोस्तों को भी तांत्रिक के पास ले जाकर यह बात बताई.
  • शराब के नशे में एक रात विवाद हुआ. नवीन ने पूछा कि क्या दोस्त की बलि दी जा सकती है.
  • तीनों को शक हो गया कि नवीन उन्हें धोखा देकर किसी एक की बलि चढ़ा सकता है, ताकि खुद अमीर बन जाए.
  • इसी डर से उन्होंने गैस सिलेंडर से मार-मारकर नवीन की हत्या कर दी.
  • सबूत मिटाने के लिए शव को चटाई-रजाई में लपेटकर उसके ही ऑटो में रखा और आग लगा दी.

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस फरार नसीम की तलाश में जुटी है. यह घटना दिखाती है कि कैसे अंधविश्वास और त्वरित धन की लालच आज भी लोगों को क्रूरता की ओर धकेल सकती है, जबकि विज्ञान और तर्क की दुनिया आगे बढ़ रही है.

Ghaziabad Loni Murder Friend Murder Superstition

Recent News