गजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र स्थित कुशलिया गांव में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर बने एक कथित अवैध मदरसे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया. राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम की मौजूदगी में फ़ैज़-ए-आम मदरसा मिस्बाह-उल-उलूम नामक निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया.
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मदरसा सरकारी रास्ते की भूमि पर बनाया गया था. जांच में भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई. अधिकारियों का कहना है कि यह निर्माण यामीन पुत्र गनी द्वारा कराया गया था और संबंधित पक्ष को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस भी जारी किए गए थे.
बताया जा रहा है कि कब्जाई गई सरकारी भूमि की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये है. ,कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और पूरे अभियान की वीडियोग्राफी भी कराई गई.
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक उपयोग की जमीन और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नियमों के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बुलडोजर अभियान को लेकर चर्चा तेज हो गई है.