Asad Surya News : गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी स्थित चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में प्रशासन ने मुख्य आरोपी असद के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रशासन ने नवनीत विहार स्थित उसके मकान के बाहर अवैध कब्जे से संबंधित नोटिस चस्पा कर दिया है. अधिकारियों ने ढोल बजवाकर और माइक के माध्यम से मुनादी कर आसपास के लोगों को कार्रवाई की जानकारी भी दी.
जानकारी के अनुसार, उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस में संबंधित भूमि पर अवैध कब्जे के आरोपों का उल्लेख किया गया है. प्रशासन ने असद को 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. तय समयसीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
मौके पर पहुंचे तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भूमि संबंधी शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कदम उठाया गया है. प्रशासन का कहना है कि जांच में यदि अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद से प्रशासन और पुलिस लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठा रहे हैं. इसी कड़ी में अब आरोपी असद की संपत्ति की भी जांच की जा रही है. प्रशासन की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कब्जों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.