बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में प्रेम विवाह का एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. उसावां थाना क्षेत्र की रहने वाली मुस्लिम युवती हिरा नाजवी ने सनातन धर्म अपनाने के बाद अपना नाम हिमांशी रख लिया और अपने प्रेमी अतुल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया.
बताया जा रहा है कि हिरा और अतुल के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग धर्म होने के कारण उनके सामने कई सामाजिक चुनौतियां थीं. इसके बावजूद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और विवाह बंधन में बंध गए.
जानकारी के अनुसार, युवती ने स्वेच्छा से सनातन धर्म स्वीकार किया, इसके बाद एक मंदिर में हिंदू परंपराओं के अनुसार विवाह समारोह आयोजित किया गया. विवाह के दौरान दोनों ने सात फेरे लिए और अतुल ने हिमांशी की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी जीवनसंगिनी के रूप में स्वीकार किया.
मंदिर के पुजारी मुकेश चंद मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह संपन्न कराया. शादी के दौरान अतुल के परिजन, रिश्तेदार और बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.
विवाह के बाद नवविवाहित जोड़े ने एक-दूसरे के प्रति प्रेम, विश्वास और साथ निभाने का संकल्प दोहराया. यह विवाह स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग इसे प्रेम और व्यक्तिगत पसंद से जुड़े फैसले के रूप में देख रहे हैं.