मुंबई के घाटकोपर इलाके में सोमवार को धूल भरी आंधी चली जिसकी वजह से एक बड़ी होर्डिंग गिर गई. इसकी चपेट में आकर 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 74 से अधिक लोग घायल हो गए. एनडीआरएफ के अनुसार, होर्डिंग ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है.
कुल 88 लोग इसकी चपेट में आए, जिनमें से 74 को बचा लिया गया. वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होर्डिंग गिरने के कारण लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा कि मुंबई के घाटकोपर क्षेत्र में होर्डिंग गिरने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है. मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं.
वहीं अधिकारियों ने बताया कि घाटकोपर इलाके में एक पेट्रोल पंप पर होर्डिंग गिरने से हुई मौत के बाद मुंबई पुलिस ने ईगो मीडिया के मालिक और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देर शाम घाटकोपर में होर्डिंग गिरने की घटना के बाद घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने होर्डिंग गिरने से मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है.