अशोक खरात: नासिक के विवादास्पद बाबा के मामले में रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा का भी नाम जुड़ा

Amanat Ansari 03 Apr 2026 08:11: PM 1 Mins
अशोक खरात: नासिक के विवादास्पद बाबा के मामले में रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा का भी नाम जुड़ा

पुणे/नासिक: महाराष्ट्र में चर्चा में आए कथित भोंदू बाबा अशोक खरात के मामले में नया खुलासा हुआ है. एनसीपी नेता रूपाली चाकणकर पहले ही इस मामले में दो पद खो चुकी हैं, क्योंकि वे खरात के संस्थान से जुड़ी बताई जा रही थीं. अब उनकी बहन प्रतिभा चाकणकर का भी अशोक खरात से कनेक्शन सामने आया है. विशेष जांच दल (SIT) की जांच के अनुसार, प्रतिभा चाकणकर को अशोक खरात की करीबी और पार्टनर बताया जा रहा है.

खरात पर आरोप है कि उसने ठगी के पैसे को छिपाने के लिए कई लोगों के बैंक अकाउंट्स का इस्तेमाल किया. इनमें प्रतिभा चाकणकर का अकाउंट भी शामिल है, जिसमें कुल 50 करोड़ रुपए से ज्यादा के ट्रांजेक्शन हुए हैं. सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दामानिया और शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे के अनुसार, रूपाली चाकणकर और अशोक खरात के बीच 177 फोन कॉल्स दर्ज हुईं, जबकि प्रतिभा चाकणकर और खरात के बीच 236 कॉल्स हुईं. यह जानकारी फेसबुक पोस्ट और अन्य माध्यमों से साझा की गई है. अभी तक प्रतिभा चाकणकर की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

अब तक हुए बड़े खुलासे...

  • SIT की जांच में पता चला है कि अशोक खरात ने ठगी छिपाने के लिए 100 से ज्यादा बैंक अकाउंट्स में खुद को नॉमिनी बनाया था.
  • उसके खिलाफ अब तक 11 मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें महिलाओं का यौन शोषण, जादू-टोना, पैसे की ठगी, धमकाना आदि शामिल हैं.
  • खरात की पत्नी कल्पना खरात के खिलाफ शिरडी जमीन घोटाले में लुक आउट नोटिस जारी किया गया है.
  • कोर्ट में सुनवाई के दौरान अशोक खरात ने हाथ जोड़कर कहा कि उसे कुछ नहीं कहना है.
  • पुलिस ने कोर्ट को बताया कि आरोपी ने कई महिलाओं के साथ बलात्कार किया, जिससे कुछ महिलाएं गर्भवती हुईं. बाद में उन्हें गोलियां देकर गर्भपात कराया गया. इन गोलियों के स्रोत और सामग्री की जांच चल रही है.

बता दें कि अशोक खरात को 8 अप्रैल तक SIT की रिमांड मिली हुई है. विशेष जांच दल उससे महिलाओं के यौन शोषण, अपराध के तरीकों, राजनेताओं से संबंधों, आस्था के नाम पर वसूली गई रकम और डरा-धमकाकर हड़पी गई जमीनों के बारे में पूछताछ कर रही है. यह पूरा मामला महाराष्ट्र की राजनीति और आस्था के क्षेत्र में हलचल मचा रहा है. अब तक कई नेताओं के नाम इसमें आ चुके हैं.

Ashok Kharat case Nashik ashok kharat Rupali Chakankar Nashik bhondu baba