नई दिल्ली: राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी इलाके में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है. जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-52) पर हरसावा गांव के निकट, कृषि अनुसंधान केंद्र के सामने यह भीषण दुर्घटना घटी, जिसमें एक ही परिवार की छह महिलाओं की मौके पर ही जान चली गई. तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
हादसे में शामिल अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पहले एक पिकअप वाहन से टकराई, फिर सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कार पूरी तरह तबाह हो गई और शव उसके अंदर ही फंस गए. स्थानीय लोगों ने बड़ी मुश्किल से शवों और घायलों को बाहर निकाला.
कार में आठ महिलाएं और एक चालक सहित कुल नौ लोग सवार थे. ये सभी लक्ष्मणगढ़ में परिवार के मुखिया की ननद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद फतेहपुर वापस लौट रहे थे. वे दोपहर करीब 3:30 बजे लक्ष्मणगढ़ से निकले थे और शाम 4 बजे के आसपास हादसे का शिकार हो गए. परिवार के पुरुष सदस्य अलग-अलग वाहनों से यात्रा कर रहे थे.
घायलों में सोनू, वसीम और बरखा शामिल हैं, जिन्हें पहले फतेहपुर के ट्रॉमा सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया. उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें सीकर के कल्याण अस्पताल रेफर कर दिया गया है. मृतकों के शव धानूका अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं, जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम होगा.
पुलिस ने बताया कि ट्रक सीकर की दिशा में जा रहा था. हादसे के बाद हाईवे पर लगभग आधे घंटे तक जाम लगा रहा, जिसे क्रेन की मदद से साफ कर यातायात बहाल किया गया. इस दुखद घटना ने पूरे फतेहपुर और आसपास के इलाकों में गहरा शोक फैला दिया है. स्थानीय विधायक हाकम अली खान, भाजपा नेता मधुसूदन भिंडा और नगर परिषद सभापति मुस्ताक नजमी सहित कई गणमान्य लोग घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे.