एक गलती के कारण हार गया ऑस्ट्रेलिया, जिसने रखा था ट्रॉफी पर पैर, उससे इंडिया ने लिया भयंकर बदला!

Abhishek Chaturvedi 05 Mar 2025 07:23: AM 2 Mins
एक गलती के कारण हार गया ऑस्ट्रेलिया, जिसने रखा था ट्रॉफी पर पैर, उससे इंडिया ने लिया भयंकर बदला!

नई दिल्ली: चैंपियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला जो दुबई में टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया, एक वक्त को उसे देखकर ऐसा लग रहा था ऑस्ट्रेलियाई टीम 300 के पार जा रही है, और टीम इंडिया के लिए मुश्किल खड़ी होने वाली है, पर रोहित सेना ने ऐसी वापसी की, ऐसी वापसी की कि कंगारू खेम में सन्नाटा पसर गया, जिस खिलाड़ी ट्रेविस हेड ने टीम इंडिया को कभी न भूलने वाला दर्द दिया था, हराने के बाद ट्रॉफी पर पैर रखा था, उसे टीम इंडिया के नए-नए खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी में ऐसा फंसाया कि 39 के स्कोर पर ये खिलाड़ी शुभमन गिल के हाथों कैच आउट हो गया.

उसके बाद स्टीव स्मिथ, लबुशेन और एलेक्स कैरी ने टीम को संभालने की कोशिश की, पर बड़ी मुश्किल से एक सम्मानजनक स्कोर 264 तक पहुंचाया, खास बात ये थी कि दुनिया की धुरंधर टीमों में शुमार ऑस्ट्रेलिया को इस बार टीम इंडिया के गेंदबाजों ने 50 ओवर भी नहीं खेलने दिया, 49.3 ओवर में ही ऑल आउट कर लिया. शमी ने कूपर, स्टीव स्मिथ और नाथन एलिस को जहां अपना शिकार बनाया तो वहीं जडेजा ने लाबुशेन को LBW और श्रेयस अय्यर ने एलेक्स कैरी को आउट कर कंगारुओं के रनों का रथ ही रोक डाला, उसके बाद कहानी शुरू होती है टीम इंडिया की बैटिंग की.

रोहित शर्मा तूफानी अंदाज में शुरुआत तो करते हैं लेकिन ज्यादा वक्त टिक नहीं पाते, 28 के स्कोर पर ही पवेलियन लौटना पड़ता है, गिल की हालत तो ये थी कि 8 रन के स्कोर पर बोल्ड हो जाते हैं, पर कोहली और श्रेयस अय्यर की जोड़ी क्रीज पर जैसे पांव जमाकर खड़ी होती है कंगारुओं की हालत खराब होने लगती है. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ कई बार टीम के साथ रणनीति बनाते हैं कि इन दोनों को कैसे आउट किया जाए.

जिस एडम जैम्पा के भरोसे स्टिव स्मिथ बैठे कि वो विराट को अपना निशाना बनाएंगे, वो जैम्पा श्रेयस को तो आउट कर लेते हैं. पर इस बार विराट की तैयारी को जल्दी मात नहीं दे पाते, श्रेयस अय्यर संकट के वक्त शानदार 45 रनों की पारी खेलकर जैम्पा की गेंद पर बोल्ड होते हैं, और विराट जैम्पा की वजह से ही शतक से 16 रन चूक जाते हैं, ऑस्ट्रेलियाई खेम में ये कहावत बड़ा प्रचलित है कि कोहली के सामने जैम्पा को भेज दो तो कोहली आउट हो ही जाएंगे, और इत्तेफाक से इस बार भी जैम्पा की गेंद पर ही कोहली आउट हुए.

पर टीम इंडिया को तब तक काफी मजबूती मिल चुकी थी. रही-सही कसर पूरी करने के लिए अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और केएल राहुल की तिकड़ी अभी बची थी, इसलिए टीम इंडिया ने बड़ी ही आसानी से सेमीफाइनल का दरवाजा तोड़कर सीधा फाइनल में एंट्री कर ली. और अब फाइनल मुकाबला साउथ अफ्रीका या न्यूजीलैंड से हो सकता है.

दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का दूसरा सेमीफाइनल मैच साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच खेला जाएगा. ये दोनों टीमें लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में भिड़ेंगी. इस मुकाबले के लिए 6 मार्च को रिजर्व डे के तौर पर रखा गया है. अगर इस मुकाबले का भी नतीजा नहीं निकलता है तो साउथ अफ्रीका की टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगी.

हालांकि ये तय होना बाकी है कि टीम इंडिया की भिड़ंत किस टीम से होगी, दोनों ही टीमें बेहद धाकड़ हैं, पर टीम इंडिया की तैयारी भी इस बार शानदार नजर आ रही है, और कोच जब गौतम गंभीर जैसे खिलाड़ी हों, जिनका बल्ला और लक दोनों साथ चलता हो, तो फिर चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया को विजय पताका फहराने से कोई रोक नहीं पाएगा, हालांकि कौन जीतेगा, इसका फैसला 9 मार्च को होगा.

India Australia Cricket News India-Australia

Recent News