Malaysia Masters: भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी HS प्रणॉय ने मलेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट के पहले दौर में शानदार खेल दिखाया है, पहले ही मुकाबले में उन्होंने पांचवी परीयता प्राप्त जापानी केंटा निशिमोता को मात दी है। ये मुकाबला 1 घंटे 22 मिनट तक खेला गया, जिसमें प्रणॉय ने 19-21, 21-17, 21-16 से जीत दर्ज की। जबकि करुणाकरन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के चोउ टिएन चेन को केवल 39 मिनट में ही हरा दिया। इसके अलावा एक और भारतीय खिलाड़ी आयुष शेट्टी भी अगले दौर में पहुंचे हैं। आयुष ने कनाडा के ब्रायन यांग को 20-22, 21-10, 21-8 से हराया है।
प्रणॉय की शानदार वापसी
पहले गेम में निशिमोता ने बढ़त बनाई, लेकिन प्रणॉय ने दूसरे गेम में वापसी करते हुए मैच को बराबरी पर लाया। तीसरे गेम में प्रणॉय ने अपनी आक्रामक शैली से निशिमोता को दबाव में रखा और मैच जीतने में सफलता पाई। यह जीत उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली रही।
पीवी सिंधु की निराशाजनक हार
तो वहीं इस टूर्नामेंट में भारत की बड़ी उम्मीद पीवी सिंधु पहले ही दौर में उलटफेर का शिकार हुई हैं, सिंधु को चीन की ही बिंगजियाओ ने 19-21, 14-21 से हराया है। यह हार उनके लिए निराशाजनक रही, क्योंकि वे इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद कर रही थीं। बता दें कि पीवी सिंधु भारत के लिए दो बार ओलंपिक में पदक जीत चुकी हैं, इसीलिए सबसे ज्यादा नजरें उन्हीं के ऊपर थीं.
भारत की उम्मीदें
प्रणॉय की जीत से भारत को उम्मीदें हैं कि वे टूर्नामेंट में आगे बढ़ सकते हैं। उनकी आक्रामक शैली और मानसिक मजबूती उन्हें अगले दौर में प्रतिस्पर्धियों के खिलाफ मजबूत बनाएगी। सिंधु की हार के बावजूद, भारतीय बैडमिंटन में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आशा है कि अन्य खिलाड़ी भी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और भारत का नाम रोशन करेंगे।