राजस्थान भाजपा के जयपुर स्थित बड़ी चौपड़ में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी भूल हो गई। पारंपरिक ध्वजारोहण के बाद, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के मूल संस्करण की धुन की जगह दूसरा गीत बजने लगा। गलती का पता चलने पर कार्यक्रम के आयोजकों ने इसे सुधारने का प्रयास किया, लेकिन तब तक यह घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी थी।
राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, वरिष्ठ नेता मंजू शर्मा और विधायक बालमुकुंद आचार्य भी मंच पर मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। गलती होने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सार्वजनिक रूप से घटना के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा हुई तकनीकी और मानवीय भूल थी। इस तरह की गलती नहीं होनी चाहिए थी। राजस्थान भाजपा ने भी इसे तकनीकी और मानवीय त्रुटि करार दिया।
ध्वजारोहण के तुरंत बाद राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् बजना तय था, लेकिन आयोजकों की गलती के कारण कार्यक्रम में दूसरा संगीत बजने लगा। इसके बाद आयोजकों ने तुरंत अपनी गलती सुधारी। हालांकि, तब तक पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो चुका था।