कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर धार्मिक बयानबाजी को लेकर विवाद तेज हो गया है. मुर्शिदाबाद से विधायक हुमायूँ कबीर ने सीएम सुवेंदु अधिकारी को खुली चुनौती देते हुए बड़ा बयान दिया है. हुमायूं कबीर ने कहा कि 1400 साल से कुर्बानी की परंपरा चली आ रही है और आगे भी जारी रहेगी। गाय की कुर्बानी होगी, इसे कोई नहीं रोक सकता.
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग धार्मिक मामलों में राजनीति कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. कबीर ने कहा कि संविधान सभी धर्मों को अपने रीति-रिवाजों के अनुसार चलने का अधिकार देता है और किसी भी समुदाय की धार्मिक परंपराओं में दखल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
वहीं, इस बयान के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गई है. भाजपा नेताओं ने इसे हिंदू भावनाओं को आहत करने वाला बयान बताया है और राज्य सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है. दूसरी ओर टीएमसी नेताओं का कहना है कि भाजपा जानबूझकर धार्मिक मुद्दों को उछालकर तनाव पैदा करना चाहती है.
बंगाल में पहले भी धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर कई बार तीखी बयानबाजी देखने को मिल चुकी है, अब हुमायूं कबीर के इस बयान ने राज्य की सियासत को फिर गर्म कर दिया है.