दिल्ली में न्यू ईयर सेलिब्रेशन बिगाड़ सकती है बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी

Amanat Ansari 31 Dec 2025 01:27: PM 1 Mins
दिल्ली में न्यू ईयर सेलिब्रेशन बिगाड़ सकती है बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी

नई दिल्ली: नए साल की शुरुआत मौसम की मेहरबानी से नहीं होने वाली है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में 1 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर असर पड़ सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस संबंध में चेतावनी जारी की है कि कड़ाके की सर्दी के बीच बारिश और बर्फबारी से ठंड और बढ़ जाएगी.

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फरबाद जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी छिटपुट से लेकर मध्यम स्तर की वर्षा व हिमपात हो सकता है. इससे मैदानी इलाकों में तापमान में और गिरावट आएगी. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों घना कोहरा छाया हुआ है, जो विजिबिलिटी को बेहद कम कर रहा है. साथ ही, हिमाचल, उत्तरी कर्नाटक और तेलंगाना में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है. बिहार और पूर्वी यूपी में कोल्ड डे जैसा माहौल रहेगा. पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में भी सुबह-शाम घना कोहरा छाने का पूर्वानुमान है. दिल्ली, यूपी, पंजाब और ओडिशा में बहुत घना कोहरा पड़ने से यात्रा प्रभावित हो सकती है. मछुआरों के लिए फिलहाल कोई अलर्ट नहीं है.

राजधानी दिल्ली में 31 दिसंबर को मौसम आंशिक रूप से बादलयुक्त रह सकता है. अधिकतम तापमान करीब 20-22 डिग्री और न्यूनतम 8-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. सुबह के समय तापमान और नीचे गिर सकता है. वहीं, 1 जनवरी को हल्की बारिश की वजह से जश्न का मूड थोड़ा प्रभावित हो सकता है.

Delhi NCR rain Delhi ncr weather Delhi weather news IMD alert

Recent News