नई दिल्ली: पिछले कुछ हफ्तों में उत्तर भारत के कई इलाकों में हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी, लेकिन साथ ही ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया. अब बारिश लगभग रुक चुकी है और तेज धूप के साथ तापमान बढ़ना शुरू हो गया है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 13 अप्रैल से गर्मी के तेवर और सख्त होने वाले हैं. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में पारा 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना है.
दिल्ली में 41 डिग्री तक जा सकता है पारा
राजधानी में फिलहाल दिन का तापमान करीब 35 डिग्री के आसपास है, लेकिन 13 अप्रैल से इसमें तेजी से इजाफा होगा. 17 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच सकता है, जबकि रात का पारा 25 डिग्री के आसपास रहेगा. आसमान साफ रहने और बारिश की कोई उम्मीद न होने से दोपहर की चुभती धूप लोगों को काफी परेशान करेगी.
राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट
राजस्थान में हाल ही में बारिश और ओलों ने खेतों को सफेद चादर जैसा बना दिया था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह उलट गई है. कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री को पार कर चुका है. इस हफ्ते कोटा और बाड़मेर जैसे इलाकों में 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग ने किसानों को कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी है. लू चलने की भी संभावना है, जिससे दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है.
यूपी और महाराष्ट्र में पारा चढ़ेगा
उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलों से किसानों को काफी नुकसान हुआ. अब यहां भी मौसम शुष्क हो रहा है और तापमान में 6-8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है. लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, आगरा, मेरठ समेत कई शहरों में गर्मी बढ़ने वाली है. अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि कई जगहों पर 37 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया जा चुका है.
महाराष्ट्र में भी गर्मी का असर दिख रहा है. अकोला जैसे इलाकों में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया है. मुंबई में अभी 36 डिग्री के आसपास है, लेकिन पुणे में 40 डिग्री तक पहुंच चुका है. पश्चिमी और उत्तरी जिलों में तापमान में 2-3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है.
बिहार और मध्य प्रदेश भी नहीं बचेंगे
बिहार और मध्य प्रदेश में भी आने वाले दिनों में तापमान 4-6 डिग्री बढ़ने की संभावना है. इन राज्यों में भी शुष्क मौसम के साथ गर्मी का टॉर्चर झेलना पड़ेगा.
क्यों बढ़ रही है गर्मी?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में इस हफ्ते तापमान में 6-8 डिग्री, पूर्वी और मध्य भारत में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. स्काईमेट के एक्सपर्ट महेश पहलावत ने कहा कि 2026 में कुल मिलाकर सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की प्रबल संभावना है. अल-नीनो के प्रभाव से मानसून में करीब 6% की कमी और अप्रैल के मध्य से ही उत्तर-पश्चिम तथा मध्य भारत में तेज गर्मी और हीटवेव की स्थिति बन सकती है. बारिश की संभावना भी कम है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है.