देश के 25 राज्यों में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट, 27 अप्रैल से 2 मई तक सावधानी बरतें

Amanat Ansari 26 Apr 2026 09:14: PM 2 Mins
देश के 25 राज्यों में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट, 27 अप्रैल से 2 मई तक सावधानी बरतें

नई दिल्ली: लगातार भीषण गर्मी से बेहाल देशवासियों के लिए अच्छी खबर है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि अगले कुछ दिनों में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली चमकने का सिलसिला शुरू होने जा रहा है. मौसम विभाग ने 27 अप्रैल से 2 मई तक कुल 25 राज्यों में अलग-अलग स्तर का अलर्ट जारी किया है. इनमें बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं और कुछ जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है.

किन-किन राज्यों में रहे अलर्ट?

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और तेलंगाना.

क्षेत्रवार मौसम का अपडेट

  • उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत: पहाड़ी इलाकों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अप्रैल से 2 मई तक भारी बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है. खासकर 28 और 29 अप्रैल को इन राज्यों में ओले गिरने का खतरा भी है. मैदानी क्षेत्रों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल की रात से धूल भरी तेज आंधी और गरज-चमक वाली बारिश शुरू हो सकती है. राजस्थान में 26 से 29 अप्रैल तक मौसम प्रतिकूल बना रहेगा.
  • पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 27 से 30 अप्रैल के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का येलो/ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम बंगाल और बिहार में 26 से 28 अप्रैल तक 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज अंधड़ (थंडरस्क्वाल) चलने की आशंका है. झारखंड और ओडिशा में 2 मई तक बारिश और बिजली गिरने का दौर जारी रह सकता है.
  • मध्य और दक्षिण भारत: केरल में 29 अप्रैल से 1 मई तक भारी बारिश की संभावना बताई गई है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 27 से 30 अप्रैल के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने का अलर्ट है.

गर्मी से मिलेगी राहत

29 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की काफी गिरावट आने वाली है. पूर्वी भारत और महाराष्ट्र में भी 27 अप्रैल से 1 मई तक पारा 2-3 डिग्री तक नीचे आ सकता है. हालांकि, राहत मिलने से पहले 27 अप्रैल तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के कुछ इलाकों में लू चलने और गर्म रातें बनी रहने की संभावना है. IMD ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि आंधी-तूफान और बिजली गिरने के दौरान पेड़ों के नीचे, खुले मैदान में या बिजली के खंभों के पास न खड़े हों. 

Rain Updates Weather News Storms and Gales Extreme Heat Heatwave

Recent News