नई दिल्ली: भारत में 25 मई से नौतपा लगने वाला है. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले एक हफ्ते के लिए देशभर का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. सक्रिय मौसमी सिस्टम और दक्षिण-पश्चिम मानसून की बढ़ती गतिविधि के कारण कई राज्यों का मौसम तेजी से बदलने वाला है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में लू का प्रकोप बढ़ गया है. IMD के अनुसार, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं वाले तूफान आ सकते हैं. वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल की तरफ तेजी से बढ़ रहा है. 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना है.
23 मई तक भारी बारिश की संभावना
अरब सागर (केरल-कर्नाटक तट) और बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 17-22 मई तक 60 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चल सकती हैं. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. कुल मिलाकर, अगले कुछ दिन देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का बिल्कुल विपरीत मिजाज रहेगा. जहां कुछ जगहों पर बारिश-आंधी का कहर, तो कहीं भीषण गर्मी. मौसम विभाग की सलाह है कि सतर्क रहें और स्थानीय अपडेट पर नजर रखें.