भारत के स्टार रेसलर संग्राम सिंह ने इंटरनेशनल मंच पर इतिहास रच दिया. दरअसल जॉर्जिया में हुए गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में भारतीय स्टार संग्राम ने अपने डेब्यू मुकाबले में शानदार जीत हासिल की. उन्होंने अपने से 17 साल छोटे पाकिस्तान रेसलर को अपने पहले मैच में धूल चटा दी. पाकिस्तानी फाइटर अली रजा नासिर को संग्राम सिंह ने केवल 1 मिनट 30 सेकंड में हराकर न केवल अपनी क्षमता साबित की, बल्कि भारतीय फाइटर्स के लिए एक नया रिकॉर्ड भी स्थापित कर दिया.
संग्राम सिंह, जो पहले कॉमनवेल्थ हेवीवेट कुश्ती चैंपियन रह चुके हैं, उन्होंने अपने MMA डेब्यू में उम्मीदों से बढ़कर अच्छा प्रदर्शन किया. उनकी कुश्ती की तकनीक और रणनीति ने उन्हें मुकाबले में साफ जीत दिलाई. संग्राम के लिए यह एक नई चुनौती थी, लेकिन उन्होंने इसे अपने अनुभव और समर्पण के साथ पूरा किया.
संग्राम ने अपनी जीत पर कहा, "मैं भारत के लिए यह जीत लेकर बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं. मुझे उम्मीद है कि यह जीत हमारे देश में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी और युवा खिलाड़ियों को इस खेल में आने के लिए प्रेरित करेगी." गौरतलब है जिस तरह से संग्राम ने जीत के बाद बयान दिया वो ये दर्शाता है कि वह केवल खुद की सफलता नहीं, बल्कि पूरे देश की तरक्की के लिए भी सोचते हैं.
यह जीत संग्राम सिंह के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ भारतीय फाइटर्स के लिए एक महत्वपूर्ण पल भी रहा. संग्राम पहले भारतीय पुरुष कुश्ती फाइटर हैं, जिन्होंने MMA में प्रतिस्पर्धा की और जीत हासिल की. उनकी सफलता भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत बन सकती है और अन्य युवा एथलीटों को भी अपनी सीमाओं को पार करने के लिए प्रेरित कर सकती है. गौरतलब हो, गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप एक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है, जो इंटरनेशनल लेवल के फाइटर्स को एक मंच प्रदान करती है. संग्राम सिंह की यह जीत भारतीय एथलीटों की क्षमता को उजागर करती है और देश में इस खेल के प्रति उत्साह को बढ़ाती है.