टीम इंडिया और ऑस्ट्राले बीच होने वाली आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी ने क्रिकेट फैंस के बीच भारी उत्साह पैदा किया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के इवेंट्स और ऑपरेशन्स के कार्यकारी महाप्रबंधक, जोएल मॉरिसन ने कहा कि 'इस सीरीज़ को लेकर फैंस की दिलचस्पी बहुत ज़्यादा है, और इसे लेकर टिकटों की बिक्री ने भी सभी उम्मीदों को पार कर लिया है.'
गौरतलब हो भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला टेस्ट मैच पर्थ में 22 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, और इसे लेकर फैंस की बड़ी तादाद में टिकटों की खरीदारी हो रही है. जोएल मॉरिसन ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जारी एक बयान में कहा, 'बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी एक बेहद प्रतीक्षित इवेंट है, और मौजूदा वक्त में टिकट बिक्री से यह साफ है कि ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच आगामी सीरीज़ में फैंस की जबरदस्त दिलचस्पी है.' मॉरिसन ने आगे कहा, 'हम सभी फैंस से अनुरोध करते हैं कि वे जल्द से जल्द टिकट खरीदें ताकि इस शानदार मुकाबले का हिस्सा बनने का मौका न चूकें.'
इस सीरीज़ में भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई फैंस की भागीदारी बहुत ज़्यादा है. खासकर बॉक्सिंग डे टेस्ट की बिक्री ने सभी उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, पहले दिन की टिकट बिक्री 2018/19 की तुलना में दो गुनी हो गई है. वहीं, दूसरे से चौथे दिन तक की टिकट बिक्री में भी 5.5 गुना वृद्धि हुई है. भारत से आने वाले यात्रियों की संख्या में भी बड़ा इज़ाफ़ा हुआ है. 2018/19 में जहां बॉक्सिंग डे टेस्ट के लिए 0.7% टिकट भारतीय फैंस ने खरीदे थे, वहीं इस साल यह आंकड़ा 3.9% तक पहुंच गया है.
आपको बता दें, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट 6 से 10 दिसंबर तक एडिलेड ओवल में डे-नाइट मैच के रूप में खेला जाएगा. तीसरा टेस्ट ब्रिस्बेन के द गाब्बा में 14 से 18 दिसंबर तक होगा. इसके बाद 26 से 30 दिसंबर तक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पारंपरिक बॉक्सिंग डे टेस्ट आयोजित होगा. आखिरी और पांचवां टेस्ट 3 से 7 जनवरी के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. इस पांच मैचों की सीरीज़ में टेस्ट क्रिकेट की दो टॉप टीमें एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगी, जो क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक रोमांचक और यादगार अनुभव होगा.