नई दिल्ली: रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि भारतीय नौसेना ने केरल तट के पास एक जटिल अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. नौसेना ने UAE से कोच्चि आ रहे क्रूड ऑयल टैंकर से अनएक्सप्लोडेड मिसाइल वॉरहेड (अविश्फोटित मिसाइल वारहेड) को सुरक्षित रूप से निकाल लिया. MT Olympic Life नामक मार्शल आइलैंड्स ध्वज वाला यह क्रूड ऑयल टैंकर 26 मई को ओमान तट के पास था, जब इसके हल में विस्फोट की सूचना मिली.
टैंकर Fujairah (UAE) से कोच्चि की ओर जा रहा था. इसमें कोई भारतीय नागरिक सवार नहीं था. टैंकर ने कोच्चि की ओर बढ़ते हुए अनएक्सप्लोडेड ऑर्डनेंस की मौजूदगी की भी सूचना दी. इसके बाद भारतीय नौसेना ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. कोच्चि स्थित सदर्न नेवल कमांड ने स्पेशलिस्ट Explosive Ordnance Disposal (EOD) टीम को तैनात किया.
टीम ने जांच में पाया कि एक प्रोजेक्टाइल ने टैंकर के हल को भेद दिया, कई कम्पार्टमेंट्स को पार किया और अंत में फ्यूल टैंक के अंदर फंस गया. ईंधन टैंक के अंदर अविश्फोटित मिसाइल वॉरहेड होने के उच्च जोखिम को देखते हुए EOD टीम ने अत्यंत सावधानीपूर्ण, चरणबद्ध और सुरक्षित तरीके से काम किया.
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ''सभी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद EOD टीम ने उन्नत डायग्नोस्टिक तरीकों का इस्तेमाल कर डेटोनेशन मैकेनिज्म को पहचाना और अलग किया. इसके बाद वॉरहेड को सुरक्षित रूप से निकाला गया.'' निकाले गए हथियार को अब एक सुरक्षित सुविधा में ले जाकर विस्तृत जांच के लिए रखा गया है.
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह उच्च जोखिम वाला अभियान लंबे समय तक चला और इसे बेहद सावधानी से प्लान व एक्जीक्यूट किया गया. इससे भारतीय नौसेना की विस्फोटक निष्क्रियीकरण विशेषज्ञता, तकनीकी क्षमता और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय की ताकत सामने आई है.
मंत्रालय ने आगे कहा कि टैंकर के मालिकाना हक या क्रू के राष्ट्रीयता की परवाह किए बिना समुद्र में आई आपात स्थिति पर नौसेना की त्वरित प्रतिक्रिया समुद्री सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और क्षेत्र में एक जिम्मेदार सुरक्षा भागीदार के रूप में उसकी भूमिका को दर्शाती है. यह सफलता भारतीय नौसेना की पेशेवर क्षमता का एक और उदाहरण है.