वाशिंगटन: फ्लाईदुबई फ्लाइट पर कॉकपिट हमले को नाकाम करने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछ्छर की बहादुरी अब अमेरिकी कांग्रेस तक पहुंच गई है. अमेरिकी संसद में उनके सम्मान में एक प्रस्ताव पेश किया गया है, जिसमें आतंकी हमले को विफल करने के दौरान उनकी भूमिका का जिक्र किया गया है.
प्रस्ताव में सिर्फ कैप्टन स्मित मछ्छर ही नहीं, बल्कि फ्लाइट के क्रू और यात्रियों का भी उल्लेख है, जिन्होंने मिलकर उस हमले को नाकाम करने में मदद की. अमेरिकी कांग्रेस के किसी प्रस्ताव में किसी व्यक्ति का नाम आना दुर्लभ माना जाता है और इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
यह प्रस्ताव उस घटना के बाद आया है, जिसमें फ्लाइट के दौरान कॉकपिट में हमला हुआ था. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मछ्छर ने हिम्मत दिखाई और हालात को संभालने की कोशिश की. क्रू और यात्रियों ने भी इस दौरान अहम भूमिका निभाई.
भारतीय दूतावास के मुताबिक, कैप्टन स्मित मछ्छर की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है. उनकी बहादुरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रहा यह सम्मान पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बन गया है.