लखनऊ : अक्सर पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए देखा गया है. उनके बयानों को लेकर सियासी चर्चाएं भी होती रहती हैं, लेकिन इस बार बृजभूषण शरण सिंह से जुड़ा एक ऐसा दिलचस्प किस्सा सामने आया है, जिसने सियासी माहौल के बीच लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दी.
दरअसल, पार्क में टहलते समय बृजभूषण शरण सिंह को अचानक एक लड़का मिल गया. बातचीत के दौरान लड़के ने उनसे अपने सपने का जिक्र कर दिया. लड़के ने बेहद सहज अंदाज में कहा कि उसने रात में सपना देखा है कि बृजभूषण शरण सिंह का चुनाव चिन्ह साइकिल है.
लड़के की बात सुनकर बृजभूषण शरण सिंह ने उसे डांटते हुए महज एक शब्द में जवाब दिया- हट. बात भले ही कुछ सेकेंड की रही हो, लेकिन लड़के ने जिस अंदाज में अपने सपने का जिक्र किया, वह काफी मजेदार था. खास बात यह भी है कि साइकिल समाजवादी पार्टी का चुनाव चिन्ह है और बृजभूषण शरण सिंह का अखिलेश यादव की तारीफ करना पहले भी राजनीतिक चर्चाओं का विषय रहा है.
ऐसे में पार्क में हुई यह छोटी-सी बातचीत सियासी संकेतों से ज्यादा एक मजेदार किस्सा बन गई. लड़के ने शायद सपने में जो देखा, उसे सुबह होते ही बृजभूषण शरण सिंह के सामने रख दिया, लेकिन जवाब में उन्हें मिला सिर्फ हट.
बृजभूषण शरण सिंह के इस संक्षिप्त जवाब ने पूरे किस्से को और भी दिलचस्प बना दिया. अब यह बातचीत सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन रही है. हालांकि, सपने में दिखे चुनाव चिन्ह को किसी राजनीतिक संकेत के तौर पर देखना फिलहाल सिर्फ मजाक और दिलचस्प संयोग ही माना जा सकता है.