दुल्हन निकली तलाकशुदा और बच्चे की मां! AAP नेता के साथ शादी का फ्रॉड, जेवर लेकर फरार

Amanat Ansari 06 Oct 2026 11:16 PM 1 Mins
दुल्हन निकली तलाकशुदा और बच्चे की मां! AAP नेता के साथ शादी का फ्रॉड, जेवर लेकर फरार

फतेहगढ़ साहिब (पंजाब): आम आदमी पार्टी के नेता अमरिंदर सिंह के साथ शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला ने खुद को कुंवारी और PCS अधिकारी बताकर शादी की, जबकि वह पहले से तलाकशुदा और एक बच्चे की मां है. शादी के बाद वह जेवर और सामान लेकर फरार हो गई. मंडोफल निवासी और सरहिंद मार्केट कमेटी के चेयरमैन अमरिंदर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने आरोपी महिला मनविंदर कौर समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिकायत के मुताबिक, गलत जानकारी देकर 10 फरवरी 2026 को अमरिंदर सिंह की शादी मनविंदर कौर के साथ करवाई गई. शादी के बाद जब अमरिंदर सिंह को शक हुआ तो उन्होंने जांच शुरू की. पता चला कि मनविंदर कौर पहले से तलाकशुदा है, उसका एक बच्चा भी है और वह किसी सरकारी पद या PCS अधिकारी के रूप में कार्यरत नहीं है.

फर्जी दस्तावेज और सोना लेकर फरार

अमरिंदर सिंह का आरोप है कि महिला और उसके परिवार ने उसकी असली पहचान छिपाकर धोखाधड़ी की. फतेहगढ़ साहिब के डीएसपी कुलबीर सिंह संधू ने बताया कि मनविंदर कौर ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर 1980 से 1992 तक का जन्म प्रमाण पत्र बनवाया था. आधार कार्ड और पैन कार्ड में भी बदलाव करवाए गए. शिकायतकर्ता का आरोप है कि महिला जाते समय उनका कुछ सोना और दूसरे सामान भी लेकर गई.

थाना फतेहगढ़ साहिब के प्रभारी रूपिंदर सिंह ने बताया कि जांच के बाद मनविंदर कौर, उसके भाई तरलोचन सिंह, मां अमरजीत कौर, ताऊ के बेटे नरेंद्र सिंह, भाभी बरुपिंदर कौर और तरन तारन निवासी पूर्व सरपंच सुखमंदर सिंह राणा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है. पुलिस ने अपील की है कि इस मामले को लेकर कोई फर्जी अफवाह न फैलाए, वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Recent News