नौकरी गई तो गुस्से में आगजनी! नागपुर में पूर्व कर्मचारी ने गैराज में लगाई आग, 20 बाइक-स्कूटर जलकर खाक, CCTV में कैद वारदात

Amanat Ansari 03 Oct 2026 10:36 AM 1 Mins
नौकरी गई तो गुस्से में आगजनी! नागपुर में पूर्व कर्मचारी ने गैराज में लगाई आग, 20 बाइक-स्कूटर जलकर खाक, CCTV में कैद वारदात

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में एक पूर्व कर्मचारी पर अपने मालिक के गैराज में आग लगाने का गंभीर आरोप लगा है. शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे हुई इस घटना में गैराज में खड़ी करीब 20 दोपहिया गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. आग इतनी भयंकर थी कि पड़ोस का डॉक्टर क्लीनिक भी इसकी चपेट में आ गया. शुरुआती अनुमान के मुताबिक नुकसान 20 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है.

यह घटना नागपुर के कपिल नगर थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में हुई. यहां सतीश यादव का दिवेश होंडा सर्विस नाम का गैराज है. आरोपी राजू महेंद्रकर पहले इसी गैराज में काम करता था. करीब दो महीने पहले मालिक ने शराब की लत के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया था. नौकरी जाने के बाद से वह नाराज चल रहा था.

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के राजू गैराज के पास पहुंचा और आग लगा दी. कुछ ही देर में लपटें विकराल रूप ले चुकी थीं और बाइक-स्कूटर धू-धू कर जलने लगे. इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति गैराज के आसपास घूमता नजर आ रहा है. पुलिस इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग जानबूझकर लगाई गई थी या कोई और वजह थी. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगजनी के पीछे की पूरी कहानी सामने आने की उम्मीद है.

Nagpur Garage Fire Nagpur Crime Garage Fire Former Employee

Recent News