पटना/मुजफ्फरपुर: बिहार कैडर के 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहिबुल्लाह अंसारी की कहानी प्रेरणा देने वाली है. कक्षा 10 और 12 के प्री-बोर्ड परीक्षाओं में फेल होने के बावजूद उन्होंने आईआईटी दिल्ली में दाखिला लिया, फिर यूपीएससी क्रैक कर आईपीएस बने. अब उन्हें अमेरिका में एशियन हीरो अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा. अंसारी वर्तमान में बिहार के मुजफ्फरपुर में सिटी एसपी के पद पर तैनात हैं.
उन्हें 13 दिसंबर 2026 को फ्लोरिडा, अमेरिका में सातवें वर्ल्ड फेयर एंड फेस्टिवल के दौरान एशियन हीरो अवॉर्ड 2026 दिया जाएगा. यह पुरस्कार एसोसिएशन ऑफ वर्ल्ड फेयर एंड फेस्ट, यूएसए द्वारा उनके पुलिसिंग कार्य, जनसेवा, सामाजिक कल्याण में योगदान और ईमानदार छवि के लिए दिया जा रहा है.
फेलियर से सफलता तक का सफर
स्कूल के दिनों में अंसारी कक्षा 10 और 12 के प्री-बोर्ड में फेल हो गए थे. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. कमियों को पहचाना और उन पर काम किया. इसके बाद जेईई मेन और एडवांस्ड क्लियर कर 2011 में आईआईटी दिल्ली में बीटेक में दाखिला लिया. इंजीनियरिंग के बाद कुछ समय आईटी कंपनी में काम किया. फिर सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू की.
यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा 2020 में तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 389 हासिल कर बिहार कैडर में आईपीएस बने. अंसारी की कहानी साबित करती है कि स्पष्ट लक्ष्य, फोकस और समर्पण से असफलताओं को सफलता में बदला जा सकता है. उनका यह सम्मान भारतीय युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है.