सीईसी ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर पहुंचा विरोध, गेट-दीवारों पर पोती कालिख; लिखा ‘वोट चोर-गद्दार’

Amanat Ansari 28 Sep 2026 02:23 PM 1 Mins
सीईसी ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर पहुंचा विरोध, गेट-दीवारों पर पोती कालिख; लिखा ‘वोट चोर-गद्दार’

आगरा: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन उनके पैतृक आवास तक पहुंच गया है. सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा के विजयनगर कॉलोनी स्थित उनके घर के बाहर उग्र प्रदर्शन किया. घर की दीवारों और गेट पर कालिख पोत दी गई तथा स्प्रे और पेंट से ‘वोट चोर’ और ‘ज्ञानेश कुमार गद्दार’ लिख दिया गया. प्रदर्शन में प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव सहित मुकेश धनगर, शाहबाज और उमेश शर्मा जैसे पदाधिकारी-कार्यकर्ता शामिल रहे.

यह विरोध दिल्ली के जंतर-मंतर और उत्तर प्रदेश में निर्वाचन आयोग के कार्यालयों पर हो रहे प्रदर्शनों के बाद हुआ. अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस में छपी रिपोर्ट के बाद से कांग्रेस पूरे देश में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस मुद्दे पर सक्रिय हैं. दो दिन पहले लखनऊ स्थित निर्वाचन कार्यालय पर भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था, जिसमें यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय मौजूद थे.

कालिख पोतने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई. एक टीम मौके पर पहुंची और कालिख तथा नारे मिटाने में जुट गई. आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी गई है. इस बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों पर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन का ऐलान किया है. पार्टी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की अपील की है.

Recent News