लखनऊ: उत्तर प्रदेश की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की सेवा के बाद अगस्त में अपनी इच्छा से नौकरी से इस्तीफा दे दिया था. तब से लोग अटकलें लगा रहे थे कि आगे वे क्या करेंगी—क्या राजनीति में आएंगी, कोचिंग शुरू करेंगी, किताब लिखेंगी या विदेश वापस जाएंगी? अब खुद दिव्या मित्तल ने इन सवालों पर सस्पेंस बनाए रखा है.
दिव्या मित्तल ने कहा, “आगे क्या करना है? मैंने पढ़ा बच्चे छोटे हैं. अब घर, अच्छा पैकेज मिलेगा, वापस विदेश जाएंगी. IAS पर किताब लिखी है. कोचिंग देंगी. टिकट पक्का हो गया होगा. राजनीति में आएंगी… इन सभी सवालों का जवाब मैं 29 सितंबर को सुबह साढ़े 8 बजे बताऊंगी.”
राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर रहते हुए इस्तीफा देते समय उन्होंने भावुक संदेश में लिखा था कि पद तो छूट गया, लेकिन देश की मिट्टी का कर्ज चुकाने वाला सपना नहीं छूटेगा. उन्होंने बताया कि साधारण परिवार में पली-बढ़ीं, IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई के बाद लंदन में नौकरी मिली, लेकिन अधूरापन महसूस होता था. इसलिए देश लौटकर IAS बनीं.
इस्तीफे के बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं. अब 29 सितंबर को उनका खुलासा इन अटकलों पर विराम लगाएगा. लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि दिव्या मित्तल आखिर आगे कौन-सा रास्ता चुनेंगी.