नई दिल्ली: अमेरिका के ओहायो राज्य में एक हिंदू मंदिर पर हमले की घटना सामने आई है. रिकमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वड़ताल धाम हिंदू मंदिर पर अज्ञात व्यक्तियों ने ईंटें फेंकीं, जिससे मंदिर की खिड़कियां और दरवाजे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) के अनुसार, घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई.
हमलावरों ने मंदिर को निशाना बनाकर ईंटें फेंकीं, जिससे काफी नुकसान हुआ. संगठन ने इसे संभावित हेट क्राइम बताया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. HAF ने बताया कि घटना का सर्विलांस वीडियो उपलब्ध है और अधिकारी इसकी समीक्षा कर रहे हैं.
इस मामले की जानकारी FBI की सिविल राइट्स यूनिट को भी दी जा रही है. संगठन मंदिर के पदाधिकारियों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता की पेशकश की गई है. HAF का कहना है कि यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका में हिंदू अमेरिकी समुदाय के खिलाफ नफरत और आपत्तिजनक बयानबाजी बढ़ी है. संगठन ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आरोपियों को पकड़ने को प्राथमिकता देने की अपील की है.
साथ ही निर्वाचित प्रतिनिधियों और सरकारी एजेंसियों से भारतीय तथा हिंदू अमेरिकी समुदायों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी की सार्वजनिक निंदा करने की मांग की है. गौरतलब है कि यह घटना महात्मा गांधी की जयंती और ओहायो में घोषित ‘हिंदू हेरिटेज मंथ’ की शुरुआत के दिन हुई है.