गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. सीएम ने काम में लापरवाही बरतने पर प्रदूषण विभाग के दो क्षेत्रीय अधिकारियों आकांक्षा तंवर और मुकुल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. आरोप है कि सीवर शोधन संयंत्र की खराबी और सीवर का पानी खाली जमीन पर डाले जाने की लगातार शिकायतों के बावजूद दोनों अधिकारी गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रहे थे. इससे प्रदूषण फैल रहा था.
शुक्रवार सुबह पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने अपनी गुप्त टीम की रिपोर्ट के आधार पर अधिकारियों से जवाब तलब किया. रिपोर्ट में प्रदूषण विभाग की लापरवाही सामने आने के बाद दोनों अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया. करीब साढ़े चार घंटे चली बैठक में सीएम गुरुग्राम की बदहाल हालत पर गुस्से में रहे और जीएमडीए तथा नगर निगम के अधिकारियों को सबसे ज्यादा फटकार लगाई.
अन्य अहम फैसले
सीएम ने साफ कहा कि नागरिकों की शिकायतों को हल्के में नहीं लिया जाएगा और शहर को आधुनिक बनाने के लिए सड़क, पानी तथा बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.