टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतकर एक बार फिर से अपनी क्रिकेट की ताकत को दुनिया के सामने साबित कर दिया है. इस शानदार जीत का जश्न पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है. भारतीय क्रिकेट टीम की इस शानदार सफलता पर न केवल देशवासियों का गर्व बढ़ा है, बल्कि खिलाड़ियों के मनोबल को भी एक नई ऊंचाई मिली है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की.

यह मुलाकात खिलाड़ियों के लिए न केवल सम्मान की बात थी, बल्कि उनकी मेहनत और समर्पण का भी प्रमाण था. प्रधानमंत्री से मिलने का मौका मिलना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व की बात होती है और इस मौके पर सभी खिलाड़ियों के चेहरे पर गर्व और खुशी की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही थी. साथ ही टीम इंडिया के खिलाड़ी काफी ज्यादा इमोशनल भी नजर आ रहे थे.
टीम इंडिया 04 जुलाई, गुरुवार को बारबाडोस से दिल्ली पहुंची. रोहित एंड कंपनी सुबह करीब 6 बजे दिल्ली में लैंड हुई. एयरपोर्ट से भारतीय टीम सीधा होटल पहुंची थी, होटल पहुंचने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों को पीएम मोदी से मुलाकात करनी थी. बता दें कि एयरपोर्ट से टीम इंडिया आईटीसी मौर्य होटल पहुंची थी, जहां उन्होंने एक स्पेशल केक की कटिंग की. होटल की तरफ से टीम इंडिया के लिए खास केक बनाया गया था. टीम इंडिया के वतन लौटने से पहले ही सारी चीज़ें प्लान हो गई थीं.

प्रधानमंत्री आवास में खिलाड़ियों का स्वागत बेहद गर्मजोशी से किया गया. सभी खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप की जर्सी में ही पहुंचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें गर्मजोशी से गले लगाया. प्रधानमंत्री ने टीम इंडिया की इस जीत की तारीफ करते हुए कहा, आप सभी ने पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है. आपकी मेहनत और समर्पण ने भारत को एक बार फिर से विश्व विजेता बना दिया है.
प्रधानमंत्री ने प्रत्येक खिलाड़ी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके अनुभवों को साझा किया. खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री को अपने अनुभव, तैयारी और संघर्ष की कहानियां बताईं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी खिलाड़ियों की मेहनत और धैर्य की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

इस विशेष अवसर को और भी खास बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया. यह लंच एक साधारण लंच नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री और खिलाड़ियों के बीच एक अनौपचारिक बातचीत का मौका भी था. इस दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ मिलकर उनकी यात्रा, संघर्ष और सपनों के बारे में चर्चा की.
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए दूसरी बार इस फॉर्मेट का खिताब अपने किया. खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7 रनों से जीत दर्ज की. इससे पहले भारतीय टीम 2007 टी20 वर्ल्ड कप जीत चुकी है. टी20 विश्व कप की शुरुआत 2007 में ही हुआ था और भारत ने इस खिताब को एमएस धोनी की कप्तानी में अपने नाम किया था. जिसके बाद से भारत फिर एक बार इस खिताब को रोहित शर्मा की कप्तानी में अपने नाम करने में कामयाब हुआ है.