Anshul Kuncha Murder : अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में एक दर्दनाक घटना में 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. अंशुल मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले थे और फिलाडेल्फिया में पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम पिज्जा डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम कर रहे थे. घटना के बाद परिवार और भारतीय समुदाय में शोक की लहर है.
परिजनों के अनुसार, अंशुल एक ग्राहक को पिज्जा डिलीवर करने के बाद लौट रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे एक खाली मकान के बाहर गिर पड़े. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंशुल के सिर में गोली लगी थी. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे लूटपाट, व्यक्तिगत रंजिश या कोई अन्य कारण था. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है. फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है.
इस घटना पर न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरा दुख व्यक्त किया है. दूतावास ने कहा कि वह अंशुल के परिवार के संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है.
अंशुल की असामयिक मृत्यु ने विदेश में पढ़ाई और नौकरी कर रहे भारतीय युवाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच की उम्मीद जता रहा है.